नगीना/बिजनौर (शिखर समाचार)। नगीना तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण तहसील समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 30 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से छह का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 24 शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए भेजा गया।
संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में 30 शिकायतें प्राप्त, छह का मौके पर निस्तारण
जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित समयसीमा में निष्पक्षता और गुणवत्ता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने या अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में पुलिस विभाग से संबंधित कई शिकायतें भी सामने आईं। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि थाने में आने वाले प्रत्येक पीड़ित की शिकायत प्राथमिकता से सुनी जाए। शिकायत के तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, चाहे आरोपी कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि पीड़ितों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने में लापरवाही करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
मिशन शक्ति के तहत छात्राओं और शिक्षिकाओं को किया सम्मानित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इस अवसर पर मिशन शक्ति के अंतर्गत रंगोली बनाने वाली छात्राओं और शिक्षिकाओं को जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह तथा पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेन्द्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी अभय प्रताप सिंह, उपजिलाधिकारी प्रिंस कुमार, क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार सोलंकी, तहसीलदार हेमराज सिंह बेनीवाल, थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार, अधिशासी अधिकारी सतीश कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी इंद्रजीत सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी अभिषेक कुमार और खंड विकास अधिकारी ज्योति रानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
