बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। प्रदेश ग्रामीण बैंक की बुढ़ाना शाखा में किसानों के खातों से कथित तौर पर गायब हुई रकम वापस दिलाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को छठे दिन भी जारी रहा। संगठन के कार्यकर्ता बैंक परिसर के बाहर डटे हुए हैं। इस मामले में सबसे अधिक प्रभावित बड़कता गांव के किसानों ने अपने खातों से बड़ी रकम गायब होने की शिकायत की है। प्रकरण की जांच के लिए लखनऊ से आई टीम पड़ताल कर रही है।
किसानों की रकम वापसी की मांग, छठे दिन भी जारी रहा भाकियू का धरना
भाकियू के जिला महासचिव अनुज बालियान ने स्पष्ट कहा कि जब तक किसानों की रकम उनके खातों में वापस नहीं आ जाती, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन जांच की प्रगति पर लगातार नजर रखेगा और प्रतिदिन इसकी जानकारी लेगा।
आंदोलन की शुरुआत सोमवार को हुई थी। उस दौरान किसानों ने बैंक में तालाबंदी कर अधिकारियों को अपने बीच बैठाया था। इसके बाद मंडलीय कार्यालय के अधिकारी नवदीप सिंह ने जांच में तेजी लाने का आश्वासन दिया था।
बैंक में रोजाना 30 से 35 खातों की जांच, 31 अक्टूबर तक रिपोर्ट की उम्मीद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक नितिन वर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और प्रतिदिन किसानों के खातों की पड़ताल की जा रही है। एक दिन में लगभग 30 से 35 खातों की जांच की जा रही है। उन्होंने 31 अक्टूबर तक जांच पूरी होने की उम्मीद जताई। साथ ही कहा कि प्रभावित किसानों को जल्द राहत दिलाने के लिए प्रक्रिया तेज की जा रही है।
धरने में भाकियू तहसील अध्यक्ष संजीव पंवार, नगर अध्यक्ष इसरार इदरीशी, लविश, साहिल और सोनू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
