रबूपुरा में परिवार पर टूटा कहर, दंपती और तीन बच्चों की संदिग्ध हालात में मौत

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Tragedy Strikes Family in Rabupura: Couple and Three Children Die Under Suspicious Circumstances. IMAGE CREDIT रिपोर्टर

रबूपुरा/ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। गौतमबुद्ध नगर के रबूपुरा क्षेत्र के गांव नगला पदम सिंह में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। शनिवार सुबह घर के कमरे में पांचों के शव मिलने पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और खाद्य विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में खाद्य विषाक्तता की आशंका जताई गई है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

रबूपुरा में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, खाद्य विषाक्तता की आशंका

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

मृतकों की पहचान महेश (36), पत्नी ललतेश (32), बेटे साक्ष उर्फ लड्ड (12) और प्रियांश (3) तथा बेटी मिष्ठी (9) के रूप में हुई है। परिवार में महेश की 75 वर्षीय मां चंद्रावती भी रहती थीं, जो घटना के समय दूसरे कमरे में सो रही थीं। बताया गया कि शुक्रवार रात महेश पत्नी और बच्चों के साथ रबूपुरा में रामलीला देखने गए थे। रात करीब साढ़े दस बजे घर लौटने के बाद परिवार ने मैगी खाई और चाय पी। इसके बाद सभी सोने चले गए।

शनिवार सुबह करीब सात बजे पड़ोस में रहने वाले एक बच्चे ने महेश के बच्चों को स्कूल ले जाने के लिए दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब नहीं मिलने पर वह दीवार फांदकर घर में पहुंचा, जहां पांचों मृत मिले। सूचना पर डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और खाद्य विभाग ने खाने के नमूने जांच के लिए भेजे।

संपत्ति विवाद के आरोपों समेत सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

इस बीच मृतक के ससुराल पक्ष ने संपत्ति विवाद को लेकर महेश की मां और बहनों पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया है। वहीं, कुछ ग्रामीणों ने महेश के कथित मानसिक तनाव के चलते सामूहिक आत्महत्या की आशंका जताई। पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और खाद्य विषाक्तता, हत्या तथा आत्महत्या सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

घटनास्थल पर हुए हंगामे के बाद महेश की तीन बहनों और दिवंगत बड़े भाई की पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Share This Article
Leave a comment