थानाभवन/शामली (शिखर समाचार)। नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने तथा प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए नगर पंचायत थानाभवन ने मुख्य बाजार में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान दुकानदारों और रेहड़ी-ठेली संचालकों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित पॉलीथिन व प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 4,200 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल पर 4,200 रुपये का जुर्माना
अधिशासी अधिकारी जितेंद्र राणा और नगर पंचायत अध्यक्ष मुशायदा के निर्देश पर चलाए गए संयुक्त अभियान में दुकानों के बाहर कचरा फैलाने वालों पर 1,200 रुपये तथा प्रतिबंधित पॉलीथिन और प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों पर 3,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। नगर पंचायत की टीम ने संबंधित लोगों को चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि दोबारा नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदारों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक, अभियान रहेगा जारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
अभियान के दौरान दुकानदारों और रेहड़ी-ठेली संचालकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के बारे में जानकारी देकर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित कूड़ेदान में डालने, सड़कों और नालियों में कचरा नहीं फेंकने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने से बचने के निर्देश दिए गए।
नगर पंचायत प्रशासन ने कहा कि नगर की सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने और प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान नगर पंचायत कर्मचारी वसीक अहमद, मनीष कुमार, फैजान उमर पाशा, श्रीकांत और शुभम सहित सूचना, शिक्षा एवं संचार दल के राजीव, शुक्ला रमन और आदेश समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
