हरिद्वार (शिखर समाचार)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को नगर पंचायत पिरान कलियर में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) शोभाराम प्रजापति की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 11 शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष छह मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। शिविर में लगभग 450 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि 117 पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया।
बहुद्देशीय शिविर में 11 शिकायतें मिलीं, पांच का मौके पर निस्तारण
मुख्यमंत्री के निर्देशों और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना रहा। राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ प्रदेश सरकार की जनहितकारी पहल है। इसके माध्यम से सरकार जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रही है और शिकायतों के समाधान के साथ योजनाओं का लाभ सरल एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना और उन्हें सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत देना सरकार की प्राथमिकता है।
25 विभागों ने लगाए स्टॉल, 117 पात्र लोगों को मिला योजनाओं का लाभ
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/\
शिविर में 25 विभागों ने स्टॉल लगाकर अपनी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई। राजस्व, ग्राम विकास, शहरी विकास, समाज कल्याण, खाद्य एवं आपूर्ति, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य, कौशल विकास, सेवायोजन, गृह, आयुष, श्रम और ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों को योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी।
शिविर में संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं नोडल अधिकारी रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, नगर पंचायत पिरान कलियर के अधिशासी अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान, विधानसभा संयोजक मुनीश सैनी, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अफजाल अहमद, नगर पंचायत अध्यक्ष समीना, प्रतिनिधि सलीम प्रधान, मंडल अध्यक्ष गौरव सैनी और नगर पंचायत के सभासद उपस्थित रहे।
