हरिद्वार (शिखर समाचार)। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को सिडकुल क्षेत्र में छापेमारी की। महादेवपुरम और शिवम विहार कॉलोनी, काला गेट स्थित दो प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान खुले कुट्टू के आटे के नमूने लिए गए। निर्माण और समाप्ति तिथि अंकित नहीं होने तथा बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार किए जाने के मामले में विभाग ने दोनों कारोबारियों के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर करने की तैयारी शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान कुल 13 किलो कुट्टू का आटा नष्ट कराया गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने टीम के साथ गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। टीम ने महादेवपुरम स्थित शैलेष प्रोविजन स्टोर का निरीक्षण किया। यहां खुला कुट्टू का आटा बिक्री के लिए रखा मिला। आटे के बैग पर निर्माण और समाप्ति तिथि अंकित नहीं थी। टीम ने आटे का नमूना लेने के बाद शेष पांच किलो आटा नष्ट करा दिया।
महादेव ट्रेडर्स से भी लिया गया नमूना, आठ किलो आटा नष्ट
इसी दौरान महादेवपुरम क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक हर्षित अवस्थी को प्लास्टिक बैग में 10 किलो खुला कुट्टू का आटा ले जाते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में उसने बताया कि ई-रिक्शा का मालिक और आटे का आपूर्तिकर्ता शिवम विहार कॉलोनी, काला गेट स्थित महादेव ट्रेडर्स का संचालक पंकज कुमार है। इसके बाद टीम चालक को साथ लेकर महादेव ट्रेडर्स पहुंची। वहां निरीक्षण के दौरान कुट्टू के आटे का एक और नमूना लिया गया तथा शेष आठ किलो आटा गड्ढे में दबाकर नष्ट कराया गया।
दो कारोबारियों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करने की तैयारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
विभाग के अनुसार, शैलेष प्रोविजन स्टोर के संचालक शैलेष कुमार और महादेव ट्रेडर्स के संचालक पंकज कुमार के विरुद्ध बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करने और निर्माण तथा समाप्ति तिथि अंकित किए बिना खुले कुट्टू के आटे की बिक्री करने के मामले में न्यायालय में वाद दायर कराया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
