रूस में नौकरी दिलाने के नाम पर 1.20 लाख रुपये और पासपोर्ट हड़पे, फर्जी ट्रैवल एजेंट गिरफ्तार

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Fake Travel Agent Arrested for Cheating a Man of ₹1.20 Lakh and Seizing His Passport on the Pretext of Providing a Job in Russia. IMAGE CREDIT TO पुलिस

बिजनौर (शिखर समाचार)। रूस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो युवकों से 1.20 लाख रुपये और उनके मूल पासपोर्ट हड़पने के आरोप में अफजलगढ़ पुलिस ने एक कथित फर्जी ट्रैवल एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि विदेश नहीं भेज पाने पर रुपये और पासपोर्ट वापस मांगने पर आरोपी ने युवकों को जान से मारने की धमकी दी और उन्हें गुमराह करने के लिए फर्जी वीजा भी तैयार कराए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

रूस में नौकरी का झांसा देकर 1.20 लाख रुपये और पासपोर्ट हड़पे

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौतम राय के अनुसार, अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बुडेरन निवासी जुल्फकार पुत्र इकबाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ग्राम जिकरीवाला निवासी नाजिम अली पुत्र शौकत ने उसे और उसके दोस्त फैसल को रूस में अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। उसकी बातों में आकर दोनों ने आरोपी को कुल 1.20 लाख रुपये और अपने मूल पासपोर्ट सौंप दिए। निर्धारित समय बीतने के बाद भी जब उन्हें विदेश नहीं भेजा गया, तो उन्होंने रुपये और पासपोर्ट वापस मांगे। आरोप है कि इस पर आरोपी टालमटोल करने लगा और धमकी देने लगा। बाद में उसने दोनों को गुमराह करने के लिए फर्जी वीजा उपलब्ध करा दिए।

फर्जी दस्तावेजों के साक्ष्य मिलने पर बढ़ाई गईं धाराएं, आरोपी जेल भेजा

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नाजिम अली को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान फर्जी दस्तावेज तैयार करने से संबंधित साक्ष्य मिलने पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 338 और 336(3) भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने ठगी के 1.20 लाख रुपये मकान बनाने में खर्च करने की बात स्वीकार की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article
Leave a comment