हापुड़ (शिखर समाचार)। हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत ग्राम हिण्डालपुर में 264 आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए भवनों का निर्माण पूरा कर लिया है। भवनों के साथ आंतरिक विकास कार्य भी पूर्ण हो चुके हैं। अब नवरात्र के शुभ अवसर पर लाभार्थियों को उनके आवासों का कब्जा देने की तैयारी की जा रही है।
नवरात्र में 264 आवंटियों को मिलेगा आवासों का कब्जा
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मुकेश चन्द्रा ने बताया कि आवासों का कब्जा देने के लिए सभी लाभार्थियों को सूचना भेजी जा रही है। प्रथम चरण में उन आवंटियों को कब्जा दिया जाएगा, जिन्होंने अपनी निर्धारित देय राशि समय से जमा कर दी है।
एकमुश्त समाधान योजना में दंड ब्याज से पूरी छूट
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उन्होंने बताया कि जिन लाभार्थियों की देय राशि शेष है, वे शासन की एकमुश्त समाधान योजना के तहत भुगतान करके अपने आवास का कब्जा प्राप्त कर सकते हैं। इस योजना में दंड ब्याज से पूरी छूट प्रदान की गई है, जिससे बकाया राशि जमा करने वाले आवंटियों को राहत मिलेगी।
प्राधिकरण ने दीपावली तक सभी आवंटियों को उनके आवासों का कब्जा सौंपने का लक्ष्य निर्धारित किया है। भवनों और आंतरिक विकास कार्यों के पूरा होने के बाद अब लाभार्थियों को अपने घर मिलने का इंतजार है। योजना के तहत आवास मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
