शामली (शिखर समाचार)। हरियाणवी गायक अंकित बलियान हत्याकांड में फरार चल रहे तीन आरोपियों के खिलाफ शामली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा स्थित उनके मकानों से कुर्की योग्य संपत्ति जब्त कर ली। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कैराना, शामली के आदेश पर रविवार को क्षेत्राधिकारी नगर जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों के मूल पते पर पहुंचकर नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई की।
गौरतलब है कि 26 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:45 बजे नालापटरी स्थित व्यायामशाला से अंकित बलियान पुत्र सतवीर फौजी निवासी ग्राम बनतीखेड़ा, थाना बाबरी, व्यायाम कर बाहर निकले थे। इसी दौरान चार हथियारबंद बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। मृतक के पिता सतबीर सिंह की तहरीर पर कोतवाली शामली में चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की थीं।
फरार तीन आरोपियों के मकानों से संपत्ति कुर्क
31 अगस्त को कोतवाली शामली, थाना झिंझाना और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी मोहित और सुमित पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में घायल हुए थे। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं 30 सितंबर को आरोपी रोहित लाडला को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
मामले में राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया, आर्यन संधू और सत्यम कादयान फरार चल रहे थे। न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर तीनों के खिलाफ फरारी की उद्घोषणा की गई। न्यायालय ने 3 अक्टूबर को उनकी संपत्ति कुर्क करने के आदेश दिए। इसके अनुपालन में 4 अक्टूबर को पुलिस ने हरियाणा पहुंचकर कार्रवाई की।
डबल बेड, टीवी, एसी और जिम का सामान सहित अन्य संपत्ति जब्त
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया के मकान से डबल बेड, सेफ, वाशिंग मशीन, वातानुकूलक, संदूक, एलईडी टीवी और व्यायामशाला का सामान सहित अन्य संपत्ति कुर्क की गई। आर्यन संधू के मकान से सेफ, वाशिंग मशीन, वातानुकूलक, संदूक, एलईडी टीवी और इनवर्टर-बैटरी सहित सामान जब्त किया गया। सत्यम कादयान के मकान से सेफ, दीवान बेड, व्यायामशाला का सामान, सोफा और डाइनिंग टेबल सहित अन्य संपत्ति कुर्क की गई। पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
