15 अक्टूबर तक हरिद्वार की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, जिलाधिकारी ने धरातल पर उतरकर परखी व्यवस्था

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Haridwar Roads to Be Made Pothole-Free by October 15; District Magistrate Inspects Arrangements on the Ground IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

हरिद्वार (शिखर समाचार)। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जनपद की सड़कों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गड्ढामुक्त करने के अभियान को गति देने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित रविवार को स्वयं धरातल पर उतरे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ चंडी चौक, चंडी पुल, आयरिश पुल, बैरागी कैंप, दक्षद्वीप सहित विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क मरम्मत, डामरीकरण और पेंचवर्क कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को 15 अक्टूबर तक सभी चिन्हित सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लक्ष्य को गंभीरता से लेते हुए युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए।

चंडी पुल समेत विभिन्न सड़कों की मरम्मत में तेजी के निर्देश

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां सड़क मरम्मत का कार्य लंबित है, वहां श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने चंडी पुल के मरम्मत कार्य की जानकारी लेते हुए इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन का आवागमन अधिक समय तक प्रभावित न हो। आयरिश पुल के समीप क्षतिग्रस्त सड़क का भी निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने दक्षद्वीप स्थित बैरागी क्षेत्र में निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और समयसीमा की जानकारी लेते हुए कार्य में तेजी के साथ गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे कुंभ मेला संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की और आगामी कुंभ मेले की आवश्यकताओं के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक पेंचवर्क को प्राथमिकता

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों में पेंटिंग और दीवारों पर चित्रकारी कराने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक पेंचवर्क और डामरीकरण को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक राष्ट्रीय राजमार्ग विशाल गोयल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार, उप प्रबंधक राष्ट्रीय राजमार्ग प्रज्वल चौहान, ठेकेदार अमित जैन, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment