कैराना/शामली (शिखर समाचार)। जनपद शामली की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनकर उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। तीनों तहसीलों में कुल 113 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें नौ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
शामली तहसील में 67 शिकायतें, तीन का मौके पर निस्तारण
शामली तहसील में जिलाधिकारी आलोक यादव की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 67 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण न किया जाए, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। भूमि संबंधी मामलों में संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा। इस दौरान उप जिलाधिकारी सचिन राजपूत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. तृतीय कुमार सक्सेना, तहसीलदार सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
कैराना तहसील में अपर जिलाधिकारी सत्येंद्र सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां 25 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें चार का मौके पर निस्तारण कराया गया। उप जिलाधिकारी शिवाजी यादव, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
ऊन तहसील में 21 शिकायतें, दो का मौके पर समाधान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
ऊन तहसील में मुख्य विकास अधिकारी बृजेंद्र शुक्ल की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। यहां 21 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें दो का मौके पर निस्तारण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने शेष शिकायतों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उप जिलाधिकारी दीपिका मेहर, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
