सहारनपुर (शिखर समाचार)। तहसील नकुड़ में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने अधिकारियों को जनशिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता दिखाते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाएं।
जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में आए फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से शिकायतों के निस्तारण के लिए निर्धारित समयसीमा का प्रत्येक अधिकारी पालन करे। केवल शिकायत का निस्तारण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इस बात का भी ध्यान रखा जाए कि शिकायतकर्ता को समाधान से संतुष्टि मिले। भूमि संबंधी मामलों में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में 56 शिकायतें, पांच का मौके पर निस्तारण
संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 24, खाद्य एवं रसद विभाग की 12, पुलिस की छह, विकास विभाग की दो, सर्वे की तीन, जिला कार्यक्रम की एक, स्वास्थ्य विभाग की एक, जल निगम की दो, डूडा की एक, लोक निर्माण विभाग की एक, स्थानीय निकाय की दो तथा विद्युत विभाग की एक शिकायत शामिल रही। अधिकारियों ने पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया।
लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शेर सिंह कक्कड़, उप जिलाधिकारी योगेश कुमार गौड़, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण प्रणय कृष्ण सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
