गाजियाबाद (शिखर समाचार)। मोहन नगर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (आईटीएस) में रोटरी क्लब गाजियाबाद के सहयोग से विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आईटीएस के स्नातक परिसर के बीबीए और बीसीए पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 200 से अधिक यूनिट रक्तदान किया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
200 से अधिक यूनिट रक्तदान, युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
शिविर का उद्घाटन आईटीएस एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आरपी चड्ढा, उपाध्यक्ष अर्पित चड्ढा, रोटरी क्लब के मंडलाध्यक्ष अमित गुप्ता, परियोजना अध्यक्ष अतुल जैन, रोटरी क्लब गाजियाबाद के अध्यक्ष संजय गर्ग, अनिल गुप्ता और आईटीएस स्नातक परिसर की प्रधानाचार्य डॉ. नैन्सी शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर डॉ. अजय कुमार, डॉ. सुनील पांडे, डॉ. अमित शर्मा, विकास त्यागी, डॉ. विदुषी सिंह, प्रो. आदिल खान, डॉ. संदीप गर्ग सहित संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है और जरूरत के समय रक्त किसी व्यक्ति के जीवन की रक्षा में सहायक हो सकता है। डॉ. आरपी चड्ढा ने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों का दायित्व विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ उनमें सामाजिक संवेदनशीलता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना भी है। अर्पित चड्ढा ने युवाओं की भागीदारी को सराहनीय बताते हुए ऐसे जनकल्याणकारी अभियानों में सक्रिय सहयोग जारी रखने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य जांच के बाद योग्य रक्तदाताओं से हुआ रक्त संग्रह
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
शिविर में पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, हीमोग्लोबिन जांच और चिकित्सकीय परामर्श की व्यवस्था रही। विशेषज्ञ चिकित्सा टीम की देखरेख में योग्य रक्तदाताओं से रक्त संग्रह किया गया तथा जलपान सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। रोटरी क्लब के प्रतिनिधियों ने संस्थान प्रबंधन, राष्ट्रीय सेवा योजना टीम, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सहयोग की सराहना की।
