दयानतपुर के किसानों का दो माह से धरना जारी, मांगें पूरी न होने पर यमुना प्राधिकरण के खिलाफ बढ़ा रोष

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Dyanatpur Farmers’ Protest Continues for Two Months; Anger Grows Against Yamuna Authority Over Unfulfilled Demands IMAGE CREDIT TO रिपोर्टर

जेवर (शिखर समाचार)। ग्राम दयानतपुर के किसान अपनी विभिन्न मांगों को लेकर दो माह से अधिक समय से धरने पर बैठे हैं। किसान संघर्ष समिति के बैनर तले किसान नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर के पास यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर 24 घंटे धरना दे रहे हैं। किसानों का आरोप है कि लंबे समय से धरना देने के बावजूद यमुना विकास प्राधिकरण द्वारा उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे किसानों में भारी रोष व्याप्त है।

किसानों ने रखीं मुआवजे और विकसित भूखंड की मांग

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

किसानों की प्रमुख मांगों में 7 प्रतिशत विकसित भूखंड, 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा तथा 60 मीटर चौड़ी सर्विस रोड में आबादी को शामिल करने की मांग शामिल है। किसानों का कहना है कि करीब आठ वर्ष पूर्व यमुना एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए उनकी भूमि का अधिग्रहण किया गया था। उस समय यमुना विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की ओर से किसानों को आश्वासन दिया गया था कि भूमि अधिग्रहण के बदले निर्धारित सुविधाएं और मुआवजा दिया जाएगा, लेकिन लंबे समय बाद भी उनकी मांगें पूरी नहीं हुई हैं।

किसानों के अनुसार, इस संबंध में कई बार प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ वार्ता हुई और हर बार उन्हें मांगों के समाधान का आश्वासन दिया गया। किसानों का कहना है कि अधिकारियों के आश्वासन पर वे लगातार भरोसा करते रहे, लेकिन धरातल पर कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इससे नाराज किसानों ने किसान संघर्ष समिति का गठन कर धरना शुरू किया।

मांगें पूरी होने तक धरना जारी रखने का ऐलान

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

धरना दे रहे किसानों का कहना है कि प्रशासनिक और प्राधिकरण के अधिकारी लगातार धरना समाप्त कराने के लिए आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन अब किसान केवल आश्वासन के आधार पर धरना समाप्त करने के लिए तैयार नहीं हैं। किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। किसानों का कहना है कि मांगें पूरी कराने के लिए उन्हें चाहे जितने लंबे समय तक आंदोलन करना पड़े, वे पीछे नहीं हटेंगे। किसानों ने यह भी कहा कि मांगों का समाधान होने तक 60 मीटर चौड़ी सर्विस रोड के निर्माण का विरोध जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a comment