मेरठ (शिखर समाचार)। सिवालखास विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत इकड़ी में विभिन्न वर्गों की दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 3000 मीटर, 1600 मीटर, 800 मीटर और 400 मीटर दौड़ में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पंडित आदेश फौजी ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा भी प्रदान करते हैं।
विभिन्न दौड़ में खिलाड़ियों ने हासिल किए प्रथम स्थान
प्रतियोगिता के बाद मुख्य अतिथि ने विभिन्न दौड़ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया। 3000 मीटर दौड़ में विवेक ने 9 मिनट 10 सेकंड का समय निकालकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। 1600 मीटर दौड़ में कपिल ने 4 मिनट 40 सेकंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया। 800 मीटर दौड़ में राजू तथा 400 मीटर दौड़ में श्याम प्रथम स्थान पर रहे। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार मिलने पर उनके समर्थकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने पर दिया जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
आयोजनकर्ताओं यश शर्मा और हर्ष शर्मा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों और प्रतिभागी खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और उनमें खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है। प्रतियोगिता के दौरान पवन त्यागी, प्रदीप शर्मा, योगेश गोस्वामी, आदेश कसाना, अभय, वंश, काशी, गुरमीत और कुणाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
