हापुड़ (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी कविता मीना ने गुरुवार को विकासखंड हापुड़ के रामलीला मैदान के सामने पेयजल योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन पानी की टंकी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टंकी निर्माण की प्रगति, निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता, कार्य की माप और निर्धारित मानकों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने टंकी के आसपास साफ-सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने को कहा। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका और जल निगम के अधिकारियों को नियमित रूप से कार्य की निगरानी करने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन पानी की टंकी का किया निरीक्षण
इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्राम लौटी और मुरादपुर के बीच काली नदी पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुल के निर्माण की प्रगति के साथ पिलर, बीम और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का जायजा लिया। कार्य की गति धीमी मिलने पर जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
पुल निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण पूरा होने से लौटी, मुरादपुर सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। जिलाधिकारी ने पुल का निर्माण जल्द से जल्द निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिए।
