गाजियाबाद (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई करते हुए आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गरीब, पीड़ित और बेसहारा लोगों की समस्याओं के समाधान में अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और जरूरतमंदों का सहारा बनें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए, ताकि फरियादियों को अपनी समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
दिव्यांग पेंशन की शिकायत का मौके पर हुआ निस्तारण
जनसुनवाई के दौरान मोदीनगर निवासी दिव्यांग क्रिकेटर ओमवीर सैन ने नगर पालिका मोदीनगर में रोजगार उपलब्ध कराने, उनके नाम पर सड़क का नामकरण कराने तथा अन्य सहयोग प्रदान करने के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। वहीं ग्राम दोसा बंजारपुर निवासी दिव्यांग मुकेश कुमार अपने बड़े भाई के साथ दिव्यांग पेंशन से संबंधित समस्या लेकर जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचे। जिलाधिकारी ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए और दिव्यांग पेंशन संबंधी शिकायत का तत्काल निस्तारण कराया।
मुकेश कुमार को व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इसके साथ ही मुकेश कुमार को व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। तत्काल सहायता मिलने पर मुकेश कुमार और उनके बड़े भाई ने जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पात्र लोगों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्राथमिकता के आधार पर दिलाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
