गढ़मुक्तेश्वर (शिखर समाचार)। थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने अवैध पटाखों की बिक्री और आपूर्ति के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए कैंटर से करीब तीन लाख रुपये कीमत के 70 कार्टन अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही पटाखों की ढुलाई में प्रयुक्त कैंटर गाड़ी भी कब्जे में ली है।
चेकिंग के दौरान कैंटर से बरामद हुए 70 कार्टन पटाखे
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध पटाखों की आपूर्ति करने के लिए कैंटर में पटाखे लेकर जा रहा था। पुलिस टीम ने उसे लुहारी चौराहे के पास चेकिंग के दौरान पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप निवासी जनपद इटावा के एक गांव के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद पटाखों और कैंटर को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।
अवैध पटाखों की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
अधिकारियों का कहना है कि अवैध पटाखों की बिक्री, भंडारण और आपूर्ति के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुमंत दुबे, उपनिरीक्षक हरपाल सिंह, उपनिरीक्षक मुनेश कुमार, कांस्टेबल रजत शर्मा सहित थाना बहादुरगढ़ पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस के मुताबिक मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और अवैध पटाखों की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
