देहरादून (शिखर समाचार)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शिक्षण संस्थानों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विकास भवन सभागार में शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह भी मौजूद रहे। शिक्षा मंत्री ने शिक्षा विभाग द्वारा की गई तैयारियों की जानकारी लेते हुए कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ शीर्षक से 26 सितंबर से विभिन्न प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। इनमें छात्र-छात्राएं ‘विकसित भारत के संकल्प’ तथा ‘25 वर्षों के कार्यों एवं उपलब्धियों’ विषयों पर निबंध लेखन, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिताएं पहले विद्यालय स्तर पर आयोजित की जाएंगी। इसके बाद जनपद स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा तथा चयनित चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी पर जोर
शिक्षा मंत्री ने अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने और उन्हें अपने रचनात्मक विचार प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से यह जानने का अवसर मिलेगा कि युवा विकसित भारत की कल्पना किस रूप में करते हैं और उसके निर्माण में अपनी भूमिका को कैसे देखते हैं।
उच्च शिक्षण संस्थानों में महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए संवाद, कला और कहानी लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। अधिकारियों को प्रतियोगिताओं की प्रक्रिया व्यवस्थित रखने तथा सभी शिक्षण संस्थानों तक कार्यक्रम की जानकारी समय से पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
तैयारियों की निगरानी कर रहे मुख्य विकास अधिकारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने विद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों से समन्वय बनाए रखने, विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं की जानकारी देने और जनपद स्तरीय कार्यक्रम के लिए चयनित प्रविष्टियों का विवरण समय से तैयार करने के निर्देश दिए।
