ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश को वैश्विक खरीद केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने गुरुवार को बताया कि आयोजन में 2,400 से अधिक प्रदर्शक, 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार, 1.5 लाख से अधिक कारोबारी आगंतुक और 4.5 लाख से अधिक सामान्य आगंतुकों के शामिल होने की उम्मीद है। उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रदेश में 96 लाख से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम इकाइयां हैं और यूपीआईटीएस इनके उत्पादों को देश-दुनिया के बाजारों से जोड़ने का बड़ा मंच है। इस बार ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम साझेदार देशों के रूप में भाग लेंगे। अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं। खरीदारों और प्रदर्शकों के बीच कारोबारी संवाद के लिए व्यावसायिक मिलान, संपर्क बैठक और कारोबारी सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कृषि से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा तक कई क्षेत्रों की प्रदर्शनी
यूपीआईटीएस में कृषि, वाहन, विद्युत वाहन, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प, हथकरघा, वस्त्र, स्वास्थ्य, औषधि, पर्यटन, खेल, खिलौने, नवीकरणीय ऊर्जा, विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स और अन्य क्षेत्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। सरकारी योजनाओं, उद्यमिता, कौशल विकास, निर्यात और औद्योगिक निवेश से जुड़ी नीतियों की भी जानकारी दी जाएगी।
इस बार ‘एक जिला, एक उत्पाद’ के साथ ‘एक जिला, एक व्यंजन’ को भी विशेष पहचान दी जाएगी। इसके माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यंजन और पाक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। पांच दिवसीय आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम, फैशन शो, पुरस्कार समारोह, ज्ञान सत्र और अन्य गतिविधियां भी होंगी।
पिछले संस्करण में 5 लाख से अधिक आगंतुक पहुंचे
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पिछले संस्करण में 5,07,099 आगंतुक पहुंचे थे और 2,228 प्रदर्शकों ने भाग लिया था। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2025 संस्करण में 2,400 से अधिक समझौता ज्ञापनों के माध्यम से 1,882 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार दर्ज हुआ था, जबकि 11,200 करोड़ रुपये से अधिक की कारोबारी पूछताछ प्राप्त हुई थी। इस बार डिजिटल मंच के माध्यम से प्रदर्शकों और खरीदारों के बीच बैठकें पहले से तय करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
