——बिना अनुमति बसाई जा रही थी कॉलोनी, सड़कें और बाउंड्रीवॉल तक खड़ी कर दी गई थीं
आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। मोदीनगर क्षेत्र में करीब 17 हजार वर्ग मीटर भूमि पर अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने मौके पर बनाई गई आरसीसी सड़कों, बाउंड्रीवॉल और प्लॉटिंग से जुड़े निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के बाद अवैध कॉलोनी विकसित करने वाले निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया।
मिट्टी भराई कर सड़कों का निर्माण कराया जा रहा था
जीडीए के अनुसार ग्राम रोरी में मंगल विहार कॉलोनी के पीछे खसरा संख्या 922, 923 और 924 की करीब 17 हजार वर्ग मीटर भूमि पर बिना स्वीकृति कॉलोनी विकसित करने की तैयारी की जा रही थी। मौके पर सड़क निर्माण के लिए मिट्टी भराई का कार्य कराया जा रहा था। साथ ही आरसीसी सड़कें और बाउंड्रीवॉल बनाकर प्लॉटिंग की जा चुकी थी। प्राधिकरण ने इसे अनधिकृत निर्माण मानते हुए कार्रवाई की।
विरोध के बावजूद जारी रहा ध्वस्तीकरण अभियान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
21 सितंबर को प्रभारी प्रवर्तन जोन-2 के नेतृत्व में जीडीए का प्रवर्तन दस्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय निर्माणकर्ताओं और कॉलोनाइजरों ने विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित कर दिया। इसके बाद अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी रखी गई। मौके पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा।
उपाध्यक्ष ने कहा, अवैध निर्माण पर नहीं होगी ढिलाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन कर कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार आगामी माह में भी चिह्नित अवैध निर्माणों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। जीडीए ने लोगों से भी बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के विकसित की जा रही कॉलोनियों में भूखंड खरीदने से पहले आवश्यक दस्तावेज और स्वीकृतियां जांचने की अपील की है।
