सहारनपुर (शिखर समाचार)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मंगलवार को सहारनपुर आगमन के दौरान नागल बस अड्डे पर काले झंडे दिखाने का भारतीय किसान यूनियन रक्षक का कार्यक्रम उपजिलाधिकारी देवबंद विजय प्रताप सिंह के आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया। सोमवार दोपहर उपजिलाधिकारी विजय प्रताप सिंह भारतीय किसान यूनियन रक्षक के राष्ट्रीय कार्यालय पहुंचे और राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र सिंह सहित संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संगठन की ओर से रखी गई शिकायतों और मांगों को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाकर उनके समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद चौधरी वीरेंद्र सिंह ने मंगलवार को काले झंडे दिखाकर विरोध करने का निर्णय वापस ले लिया।
बस अड्डे पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग
संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि राज्य राजमार्ग-59 नागल कस्बे के बस अड्डे से होकर गुजरता है, जिसके कारण यहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। बस अड्डे पर ओवरब्रिज का निर्माण कराने की मांग को लेकर संगठन लंबे समय से धरना-प्रदर्शन कर रहा है। संगठन का कहना है कि कई बार मांग उठाए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के दौरान विरोध करने का निर्णय लिया गया था।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद विरोध कार्यक्रम स्थगित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
हालांकि, उपजिलाधिकारी द्वारा समस्याओं के समाधान के लिए उच्चाधिकारियों के स्तर पर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद विरोध कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम यादव, जितेंद्र चौधरी, बिल्लू त्यागी, गजेंद्र नौसरान, राहुल फौजी, वीरेंद्र कुमार, रविंद्र कुमार, मोहित, अमरीश मास्टर और शीशपाल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
