गाजियाबाद (शिखर समाचार)। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा को लेकर सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत वितरण निगम, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, अग्रणी बैंक प्रबंधक, उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण के अधिकारी और पंजीकृत वेंडर शामिल हुए। परियोजना अधिकारी ने अगस्त की प्रगति प्रस्तुत करते हुए बताया कि निर्धारित 561 के लक्ष्य के सापेक्ष जनपद में 740 सौर छत संयंत्र स्थापित किए गए, जो लक्ष्य का करीब 132 प्रतिशत है। इस उपलब्धि के आधार पर गाजियाबाद प्रदेश में 22वें स्थान पर रहा।
लोनी क्षेत्र में कम संयंत्र लगने पर जताई चिंता
समीक्षा में लोनी क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम संयंत्र लगने का मामला सामने आया। अधिकारियों ने छोटे भूखंडों और बहुमंजिला भवनों को व्यावहारिक कठिनाई का कारण बताया। मुख्य विकास अधिकारी ने पंजीकृत वेंडरों को संबंधित विद्युत मंडलों के अधिशासी अभियंताओं से समन्वय कर विद्युत कनेक्शनधारियों का विवरण प्राप्त करने और उनसे संपर्क कर योजना का प्रचार-प्रसार बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैंकों में लंबित ऋण प्रकरणों का एक सप्ताह में निस्तारण के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
विभिन्न बैंकों में लंबित ऋण प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। भारतीय स्टेट बैंक में 23, बैंक ऑफ बड़ौदा में 69, इंडियन बैंक में 70, बैंक ऑफ इंडिया में 49, पंजाब एंड सिंध बैंक में 24, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में 11 और बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 11 प्रकरण लंबित मिले। अधिकांश बैंकों को लंबित प्रकरणों का एक सप्ताह में निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। अगस्त में करीब 60 प्रतिशत ऋण प्रपत्र अस्वीकृत होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने उचित कारण के बिना प्रकरण लंबित या अस्वीकृत नहीं करने के निर्देश दिए।
सितंबर में एक हजार सौर छत संयंत्र लगाने का लक्ष्य
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
उन्होंने सितंबर में एक हजार सौर छत संयंत्र लगाने का लक्ष्य तय करते हुए बैंक, विद्युत विभाग और वेंडरों से समन्वित प्रयास करने को कहा। साथ ही लंबित निरीक्षण और मीटर स्थापना में तेजी लाने तथा अधिक जागरूकता शिविर लगाकर पात्र उपभोक्ताओं का मौके पर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए।
