ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में बैठक हुई। इसमें विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के प्रतिनिधियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को ट्रेड शो में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी और ‘बैटल ऑफ द बैंड्स’ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके अलावा विद्यार्थियों को विभिन्न कार्य दिए जाएंगे और उन्हें पूरा करने वाले विद्यार्थियों को ट्रेड एक्सपो पासपोर्ट प्रदान किए जाएंगे। ट्रेड शो में विद्यार्थियों के लिए करियर परामर्श के विशेष सत्र और विभिन्न करियर विकल्पों से संबंधित स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
उद्योग, रोजगार और करियर के अवसरों को समझने का मिलेगा मौका
जिलाधिकारी ने कहा कि आयोजन विद्यार्थियों को उद्योग, व्यापार, नई तकनीक, रोजगार और करियर के अवसरों को समझने तथा अपने ज्ञान और कौशल का विस्तार करने का अवसर देगा। ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के शिल्प, संस्कृति और खान-पान को व्यापक मंच मिलेगा। एक जनपद, एक उत्पाद योजना के तहत विभिन्न जनपदों के विशिष्ट उत्पाद, स्थानीय हस्तशिल्प और उद्यमियों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।
विद्यार्थियों की सहभागिता और आवागमन की व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्कूल-कॉलेजों से समन्वय कर विद्यार्थियों के आवागमन और उनकी सहभागिता की आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए नोडल अधिकारी नामित कर नियमित समन्वय रखने को कहा गया। साथ ही जनप्रतिनिधियों, विशिष्ट अतिथियों, आवासीय कल्याण समितियों, विभिन्न संगठनों, उद्यमियों और अन्य हितधारकों को समय से आमंत्रित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, विद्यार्थियों, उद्यमियों और विभिन्न संगठनों से अधिकाधिक संख्या में ट्रेड शो में शामिल होने का आह्वान किया।
