लोनी में अवैध कॉलोनी पर चला जीडीए का बुलडोजर

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
GDA bulldozer demolishes illegal colony in Loni IMAGE CREDIT TO GDA bulldozer demolishes illegal colony in Loni IMAGE CREDIT TO प्राधिकरण

——40-50 भूखंडों की बाउंड्रीवाल और निर्मित सड़कों को किया गया ध्वस्त, विरोध के बीच जारी रही कार्रवाई

आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को लोनी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी के नेतृत्व में प्राधिकरण की टीम ने ग्राम सभापुर, लोनी स्थित खसरा संख्या 864 पर विकसित की जा रही अनधिकृत कॉलोनी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। प्राधिकरण के अनुसार उक्त कॉलोनी राजवीर पुत्र नत्थू सिंह द्वारा विकसित की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान करीब 40 से 50 भूखंडों की बाउंड्रीवाल और निर्मित सड़कों को ध्वस्त कर दिया गया।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि लोगों को बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के विकसित की जा रही कॉलोनियों में भूखंड खरीदने से बचना चाहिए। अवैध निर्माण को किसी भी स्तर पर संरक्षण नहीं दिया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

विरोध के बीच प्राधिकरण ने जारी रखी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के मीडिया प्रभारी रूद्रेश कुमार शुक्ला ने बताया कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं और कॉलोनाइजरों ने विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई जारी रखी। उन्होंने बताया कि मौके पर प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी, अवर अभियंता, संबंधित स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माणों के खिलाफ आगामी माह में भी ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a comment