गाजियाबाद (शिखर समाचार)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जनपद में आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम व्यापक स्तर पर आयोजित किया गया। इस दौरान 19 सरकारी एवं गैर सरकारी चिकित्सालयों तथा स्वास्थ्य केंद्रों पर रक्तदान शिविर लगाए गए, जिनमें कुल 346 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में आम नागरिकों के साथ चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी शामिल रहे। दोपहर में विभिन्न चिकित्सालयों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सैकड़ों लोगों को फल वितरित किए।
रक्तदान शिविरों का आयोजन और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता
जिला एमएमजी चिकित्सालय में सांसद अतुल गर्ग, राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप और भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन चन्द्र वैश्य, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार और नोडल अधिकारी डीएमओ जीके मिश्रा मौजूद रहे। लोनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विधायक नंदकिशोर गुर्जर, मोदीनगर में विधायक डॉ. मंजू सिवाच, मुरादनगर में विधायक अजीत पाल त्यागी, डूडाहेड़ा स्थित 50 बिस्तरों वाले चिकित्सालय में विधायक संजीव शर्मा, डासना में धौलाना विधायक धर्मेश तोमर और भोजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक प्रमुख सुचेता सिंह ने शिविर का शुभारंभ किया तथा फल वितरण किया। जनप्रतिनिधियों ने लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
विभिन्न स्थलों पर भव्य ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
शाम सात बजे जनपद के विभिन्न निर्धारित स्थलों पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलन किया गया। मंदिरों, चौराहों, सरकारी कार्यालयों, घाटों, चिकित्सालयों और योजनाओं से लाभान्वित लोगों के घरों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया गया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में लखपति दीदियों ने आकर्षक दीप रंगोली बनाई, जबकि कस्तूरबा गांधी विद्यालय के विद्यार्थियों ने सहयोग किया। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ के नेतृत्व में विकास भवन में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सहयोग, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण का संदेश दिया गया।
