गाजियाबाद (शिखर समाचार)। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के अनुपालन में परिवहन विभाग ने आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। 17 सितंबर को जनपद में संचालित अभियान के दौरान 10 वर्ष की आयु पूरी कर चुके डीजल वाहनों और 15 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पेट्रोल वाहनों की जांच की गई। इस दौरान आयु सीमा पूर्ण कर चुके 85 वाहनों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की गई।
आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान
अभियान के दौरान ऐसे वाहनों के अनधिकृत संचालन पर रोक लगाने के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। साथ ही संबंधित वाहन स्वामियों को पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा केंद्र के माध्यम से वाहनों को स्क्रैप कराने की प्रक्रिया के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। परिवहन विभाग की कार्रवाई से पुराने और प्रदूषणकारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाने का प्रयास किया गया।
प्रदूषण नियंत्रण और एनजीटी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन विनीत कुमार मिश्र ने बताया कि अभियान का उद्देश्य एनजीटी के निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के साथ आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण पर नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण और ऐसे वाहनों के अनधिकृत संचालन को रोकना है। उन्होंने वाहन स्वामियों से अपील की कि आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों का संचालन न करें और नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में एनजीटी के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा। आयु सीमा पूर्ण कर चुके डीजल और पेट्रोल वाहनों के विरुद्ध भविष्य में भी निरंतर प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।
