हरिद्वार (शिखर समाचार)। पुलिस मॉडर्न स्कूल रोशनाबाद में कक्षा 10 में अध्ययनरत छात्र कुलश्रेष्ठ ने राष्ट्रीय स्तर की वोविनाम मार्शल आर्ट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर हरिद्वार पुलिस और विद्यालय का मान बढ़ाया है। जम्मू-कश्मीर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कुलश्रेष्ठ का आगामी नवंबर में कंबोडिया में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। वह प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा।
एसएसपी ने दी छात्र को बधाई
छात्र की इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने उसे बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्र का उत्साहवर्धन करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थियों का पढ़ाई के साथ-साथ खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना गर्व का विषय है। ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होना छात्र की मेहनत, प्रतिभा और लगन का परिणाम है। इस उपलब्धि से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
अधिकारियों और स्टाफ ने भी दी शुभकामनाएं
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन बलूनी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन प्रवीण आलोक, प्रधानाचार्य ममता तोमर और खेल प्रशिक्षक धीरज कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
