हापुड़ (शिखर समाचार)। शनिवार को जेएमएस वर्ल्ड स्कूल के सभागार में शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा हूण, मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपा भाटी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉ. सुमन अग्रवाल सहित 30 शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
शिक्षक समाज में सदैव सम्माननीय, बढ़ी जिम्मेदारी
जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा हूण और भाजपा नेता मोहन सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज में सदैव सम्माननीय स्थान रखता है। वर्तमान समय में शिक्षण कार्य पहले की अपेक्षा अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है। अभिभावक अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाना चाहते हैं, ऐसे में शिक्षकों की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है।
मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा ने कहा कि शिक्षक दिवस सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचकर शिक्षा और शिक्षक समुदाय का गौरव बढ़ाया।

विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पण से कार्य करें शिक्षक
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपा भाटी ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के व्यक्तित्व और कृतित्व से शिक्षक समुदाय को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह में डॉ. सुमन अग्रवाल, मुकेश कुमार, कोमल त्यागी, पूनम, नेहा, गरिमा, इंदु, राजेंद्र यादव, सुशील, सोनिका सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
