नई दिल्ली (शिखर समाचार)। केंद्रीय विद्यालय सेक्टर-8, आरके पुरम, पाली-द्वितीय में तीन सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य रवीन्द्र कुमार, उप-प्राचार्य बिमल प्रसाद, वरिष्ठतम शिक्षिका रोजी पुनियानी तथा प्रधानाध्यापक अभिजात श्रीवास्तव मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यालय परिसर में सजी राधा-कृष्ण की सजीव झांकी के अतिथियों और शिक्षकों ने दर्शन किए। आकर्षक सजावट के बीच तैयार की गई झांकी विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
राधा-कृष्ण की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने निर्धारित क्रम के अनुसार झांकी के दर्शन किए और जन्माष्टमी समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप और उनकी मनमोहक लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विद्यार्थियों ने प्रस्तुत कीं। नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रीकृष्ण के बाल जीवन और उनकी लीलाओं को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया।
माखन की मटकी फोड़ने की प्रस्तुति ने मोहा मन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्यक्रम में कान्हा द्वारा माखन की मटकी फोड़ने की प्रस्तुति ने विशेष रूप से सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की आकर्षक वेशभूषा, रंग-बिरंगी सजावट और भक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने पूरे विद्यालय परिसर को कृष्णमय बना दिया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय परिवार ने जन्माष्टमी के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी शिक्षाओं से परिचित कराया। पूरे आयोजन का वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण रहा। विद्यालय में आयोजित जन्माष्टमी समारोह विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों के लिए आनंददायक एवं यादगार अवसर बन गया।
