जेवर (शिखर समाचार)। यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर इंटरचेंज को क्षेत्र के लोगों के लिए टोल फ्री किए जाने की घोषणा के बाद शुक्रवार को जेवर क्षेत्र में खुशी का माहौल रहा। किसानों, ग्राम प्रधानों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने विधायक धीरेंद्र सिंह का विभिन्न स्थानों पर फूलमालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। लोगों ने इस घोषणा को लंबे समय से चली आ रही मांग के पूरा होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
टोल फ्री घोषणा के बाद ग्रामीणों में उत्साह
बताया गया कि गुरुवार को यमुना एक्सप्रेसवे से प्रभावित तथा आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए जेवर इंटरचेंज को टोल फ्री किए जाने की घोषणा की गई थी। घोषणा के बाद से ही क्षेत्रवासियों में उत्साह है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जेवर क्षेत्र के ग्रामीण और किसान लंबे समय से इंटरचेंज को टोल मुक्त किए जाने की मांग करते आ रहे थे। शुक्रवार को कई स्थानों पर विधायक के पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और अपनी खुशी व्यक्त की।
विधायक बोले-यह जनता के संघर्ष और विश्वास का सम्मान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इस अवसर पर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि क्षेत्र की जनता, किसानों, ग्राम प्रधानों और सामाजिक संगठनों के उन सभी लोगों के संघर्ष और विश्वास का सम्मान है, जिन्होंने वर्षों से इस मांग को मजबूती के साथ उठाया और इसे जीवित रखा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी मांगों को पूरा कराने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं और क्षेत्रवासियों की एकजुटता से यह सफलता मिली है।
विधायक ने यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर इंटरचेंज को टोल फ्री किए जाने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और वर्षों से चली आ रही उनकी मांग पूरी होने से लोगों में संतोष है। स्वागत कार्यक्रम के दौरान किसानों, ग्राम प्रधानों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने विधायक का आभार जताया।
