गाजियाबाद (शिखर समाचार)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर गाजियाबाद नगर निगम की ओर से शहर के सभी जोनों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर निगम की टीमों ने मंदिरों और जन्माष्टमी समारोह स्थलों के आसपास व्यापक सफाई कराई। मंदिरों के बाहर रंगोली सजाई गई और प्रकाश विभाग की ओर से मंदिरों सहित आसपास के क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। इसके साथ ही प्रमुख पार्कों की रोशनी की व्यवस्था भी ठीक कराई गई, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मंदिरों के आसपास सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त
जन्माष्टमी के अवसर पर निगम अधिकारियों ने नंदी पार्क स्थित गौशाला पहुंचकर विधि-विधान से गौ पूजन किया। अधिकारियों ने गोवंशों को हरा चारा और गुड़ खिलाकर उनकी सेवा की तथा माला पहनाकर पूजन किया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, उपमुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज तथा पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. आशीष त्रिपाठी मौजूद रहे।
नंदी पार्क गौशाला में 1900 से अधिक गोवंश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
नगर आयुक्त ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर गौ सेवा का विशेष महत्व है। निगम की ओर से पर्व को स्वच्छ और व्यवस्थित तरीके से मनाने के लिए मंदिरों के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था कराई गई। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं ने भी सफाई व्यवस्था में सहयोग कर स्वच्छता का संदेश दिया। शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित जन्माष्टमी समारोहों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया।
डॉ. अनुज ने बताया कि नंदी पार्क गौशाला में 1900 से अधिक गोवंश हैं। नगर निगम की टीम लगातार निराश्रित गोवंशों को गौशाला पहुंचा रही है। जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं ने भी गौशाला पहुंचकर गोवंशों की सेवा की। महापौर और नगर आयुक्त ने शहरवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए पर्व को स्वच्छता, सेवा और सौहार्द के साथ मनाने का संदेश दिया।
