——शोकाकुल परिवार को बंधाया ढांढस, कहा दुःख की घड़ी में खुद को अकेला न समझें, पार्टी और समाज साथ खड़ा है
शामली (शिखर समाचार)। राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने सोमवार को हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में परिजन स्वयं को अकेला न समझें। उन्होंने अंकित बालियान हत्याकांड में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा भी दिलाया।
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का दिया भरोसा
चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि अंकित बालियान के परिवार के साथ हुई दुखद घटना से सभी लोग बेहद व्यथित हैं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा समाज और राष्ट्रीय लोक दल परिवार के साथ खड़ा है। दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को न्याय मिले, इसके लिए आवश्यक स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि न्याय की लड़ाई में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
परिजनों को दी सांत्वना, दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मुलाकात के दौरान शोकाकुल परिजनों की नम आंखों ने माहौल को भावुक कर दिया। परिजनों ने चौधरी जयंत सिंह के समक्ष घटना से जुड़ा अपना दर्द साझा किया। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए दिवंगत अंकित बालियान की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति तथा परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। इस अवसर पर सदर विधायक प्रसन्न चौधरी, तरसपाल मलिक, वाजिद अली शाहिद समेत राष्ट्रीय लोक दल के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
