दरोगा की पत्नी से कुंडल लूटने वाले दो बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Writing Two Robbers Who Snatched Earrings from Sub-Inspector’s Wife Arrested After Encounter IMAGE CREDIT TO पुलिस

मोदीनगर (शिखर समाचार)। कृष्णा कुंज कॉलोनी में एक सप्ताह पूर्व यूपी पुलिस में तैनात दरोगा की पत्नी से सोने के कुंडल लूटने के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए सोने के कुंडल, बाइक और तमंचा बरामद किया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

कृष्णा कुंज कॉलोनी निवासी और यूपी पुलिस में तैनात दरोगा जगपाल सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। 21 अगस्त की दोपहर उनकी पत्नी शशि बाला बच्चों के साथ घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और शशि बाला के कानों से सोने के कुंडल लूटकर फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। लूट की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मुठभेड़ के बाद दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने बताया कि बीती रात पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश बाइक से लूट की वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बदमाशों की तलाश शुरू की। सीकरी-कलछीना मार्ग पर पुलिस को बाइक सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लगी। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों को दबोच लिया।

लूटे गए सोने के कुंडल, तमंचा और बाइक बरामद

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों की पहचान फारूक निवासी सेक्टर-9, विजय नगर, गाजियाबाद और मोहम्मद हाशिम निवासी लिसाड़ी गेट, मेरठ के रूप में हुई है। घायल फारूक का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए सोने के कुंडल, तमंचा और बाइक बरामद की है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

Share This Article
Leave a comment