ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने घंघोला गांव के 23 किसानों को लंबे समय से लंबित छह फीसदी आबादी भूखंड आवंटित कर दिए हैं। मंगलवार को किसानों की मौजूदगी में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह, विशेष कार्याधिकारी लवगीत कौर और विशेष कार्याधिकारी अजय शर्मा ने समान आकार वाले 16 भूखंडों का ड्रा कराया। वहीं, सात भूखंडों का आकार अलग-अलग होने के कारण उनके लिए ड्रा की आवश्यकता नहीं पड़ी और किसानों के नाम सीधे भूखंडों का आवंटन कर दिया गया।
लंबे समय से लंबित था आबादी भूखंडों का आवंटन
दरअसल, घंघोला गांव के किसानों की जमीन अधिग्रहित किए जाने के बाद से छह फीसदी आबादी भूखंड लंबित चल रहे थे। पात्र किसान आबादी भूखंडों के आवंटन की मांग को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार से मिले थे। किसानों ने उनसे लंबित भूखंडों का आवंटन शीघ्र कराने का अनुरोध किया था। इस पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद नियोजन विभाग और छह फीसदी आबादी भूखंड विभाग ने आवंटन की प्रक्रिया पूरी की।
अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी जल्द मिलेगा भूखंड
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी अजय शर्मा ने कहा कि किसानों को छह फीसदी आवासीय भूखंड उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। घंघोला की तर्ज पर अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी नियमानुसार आबादी भूखंड शीघ्र आवंटित किए जाएंगे। ड्रा के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक नियोजन सुधीर कुमार, प्रबंधक प्रमोद कुमार, प्रबंधक संदीप रावल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। भूखंड आवंटन होने से किसानों में संतोष की भावना देखी गई।
