हरिद्वार (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को जिला पर्यटन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं, कार्यप्रणाली तथा भवन और परिसर का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालय परिसर में संचालित चारधाम यात्रा पंजीकरण केंद्र का भी निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा पंजीकरण केंद्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चारधाम यात्रा पंजीकरण केंद्र पर यात्रियों के पंजीकरण की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने कार्यालय भवन और परिसर में साफ-सफाई, रखरखाव, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सूचना पट्टों तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर को हमेशा स्वच्छ और सुव्यवस्थित रखा जाए तथा यात्रियों और पर्यटकों के लिए सुविधाजनक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
पर्यटन स्थलों को अधिक आकर्षक बनाने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने जिले के पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों को अधिक विकसित और आकर्षक बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके। उन्होंने वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना, गृह निवास योजना और पर्यटन विभाग की अन्य योजनाओं के तहत अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर स्थानीय युवाओं और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यटन विभाग की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
