गाजियाबाद (शिखर समाचार)। सावन के अंतिम सप्ताह में दूधेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। सावन के चार सोमवार में अंतिम सोमवार को मंदिर में उमड़ी जबरदस्त भीड़ का सिलसिला सोमवार के बाद भी थमता नजर नहीं आ रहा है। मंगलवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान दूधेश्वर नाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर हर-हर महादेव, बम-बम भोले, ओम नम: शिवाय और पार्वती पतये नम: के जयकारों से गूंजता रहा।
सुबह से ही मंदिर में पहुंचने लगे श्रद्धालु
सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, मंदिर परिसर में भीड़ बढ़ती गई। श्रद्धालु कतारों में लगकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त करते नजर आए। भीड़ में महिलाओं और बच्चों की भी बड़ी संख्या रही। सावन के अंतिम सप्ताह में दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु दूधेश्वर नाथ मंदिर पहुंच रहे हैं।
पुलिस प्रशासन के सहयोग से व्यवस्थित की जा रही भीड़
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
दूधेश्वर नाथ मंदिर के महंत नारायण गिरी ने बताया कि सावन का अंतिम सप्ताह होने के कारण प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। अंतिम सप्ताह में भगवान भोले शंकर के दर्शन और जलाभिषेक का विशेष महत्व होने के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर प्रशासन पुलिस प्रशासन के सहयोग से श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित कर रहा है, ताकि सभी श्रद्धालु आसानी से जल चढ़ाकर भगवान भोले शंकर का आशीर्वाद प्राप्त कर सकें। उन्होंने श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और शांतिपूर्वक दर्शन करने की अपील की।
