गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद नगर निगम ने आउटसोर्स कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए करीब 1800 सफाई मित्रों और लगभग 2000 आउटसोर्स चालकों के वेतन में बढ़ोतरी की है। सफाई मित्रों का मासिक वेतन करीब 11,700 रुपये से बढ़कर 14,600 रुपये, जबकि आउटसोर्स चालकों का वेतन 13,600 रुपये से बढ़कर 16,900 रुपये हो गया है। इसके अलावा भविष्य निधि और कर्मचारी राज्य बीमा की सुविधा भी निर्धारित नियमों के अनुसार अतिरिक्त रूप से जारी रहेगी। वेतन बढ़ोतरी से बड़ी संख्या में कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी।
सफाई मित्रों के वेतन में बढ़ोतरी पर कर्मचारियों ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश का धन्यवाद किया। इस दौरान नगर आयुक्त ने सफाई मित्रों का सम्मान करते हुए उन्हें पुष्पमाला पहनाई और उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों का वेतन बढ़ाना उनका हक है और निगम उनके हितों को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि बेहतर और मेहनत से कार्य करने वाले सफाई मित्रों को अलग से पुरस्कृत भी किया जाएगा।
100 वार्डों में सफाई मित्र निभा रहे अहम भूमिका
नगर आयुक्त ने कहा कि गाजियाबाद की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। निगम के 100 वार्डों में महिला और पुरुष सफाई मित्र प्रतिदिन मुख्य मार्गों के साथ आंतरिक गलियों में भी सफाई कार्य कर रहे हैं। पार्षदों की उपस्थिति और उनके निर्देशों के अनुरूप सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
आउटसोर्स चालकों का वेतन भी बढ़ा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
वेतन बढ़ोतरी के बाद स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के महानगर अध्यक्ष शक्ति जीन वाल और उनकी टीम ने नगर आयुक्त सहित निगम अधिकारियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर वाल्मीकि समाज के नेता प्रदीप चौहान भी मौजूद रहे। वहीं आउटसोर्स चालकों के वेतन में करीब 3300 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी होने से उन्हें भी राहत मिलेगी। निगम के इस निर्णय से सफाई व्यवस्था और परिवहन व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों में उत्साह है।
