गाजियाबाद (शिखर समाचार)। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण परिसर में गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्राधिकरण परिसर को तिरंगे के रंगों वाली आकर्षक रोशनी से सजाया गया। शाम होते ही परिसर केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी से जगमगा उठा और आसपास का क्षेत्र भी देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
समारोह का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत के सामूहिक गायन से हुआ। इसके बाद उपाध्यक्ष ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इस दौरान पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओत प्रोत दिखाई दिया।
स्वतंत्रता दिवस आत्ममंथन और कर्तव्यों के मूल्यांकन का दिन : नन्द किशोर कलाल
उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन और अपने कर्तव्यों का मूल्यांकन करने का दिन भी है। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को नियमित रूप से यह विचार करना चाहिए कि वह राष्ट्र निर्माण और जनसेवा में कितना योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि देशसेवा केवल सीमा पर तैनात सैनिकों तक सीमित नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति अपने कार्य के माध्यम से राष्ट्र की प्रगति में योगदान दे सकता है, लेकिन सरकारी कर्मचारियों की जिम्मेदारी अधिक है, क्योंकि आम नागरिक उनके कार्य और व्यवहार से शासन व्यवस्था का आकलन करता है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। नियमों के दायरे में रहते हुए लंबित कार्यों को अनावश्यक रूप से रोके रखने के बजाय उनके शीघ्र निस्तारण का प्रयास होना चाहिए। किसी जरूरतमंद नागरिक की समस्या का समाधान कराना, उसके अधिकारों के अनुरूप कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करना और उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना ही वास्तविक जनसेवा तथा सच्ची राष्ट्रभक्ति है।
गाजियाबाद को सुव्यवस्थित और बेहतर शहर बनाने पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उन्होंने कहा कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण शासन का अभिन्न अंग है और प्रत्येक कार्य जनहित एवं सरकार की मंशा के अनुरूप होना चाहिए। प्राधिकरण का उद्देश्य केवल विकास योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि गाजियाबाद को सुव्यवस्थित, सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शहर के रूप में विकसित करना भी है।
समारोह में सचिव विवेक कुमार मिश्रा, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, विशेष कार्याधिकारी राजीव रतन सिंह, कनिका कौशिक, प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक रंजन सहित अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता और अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए पूरी निष्ठा से दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
