गाजियाबाद (शिखर समाचार)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की मधुबन बापूधाम योजना में वंदे मातरम् वाटिका विकसित करते हुए एक पेड़ देश के नाम अभियान के तहत विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने देश के नाम एक एक पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने हरिशंकरी का पौधा रोपित कर किया। इसके बाद प्राधिकरण के सचिव विवेक कुमार मिश्रा ने आंवला का पौधा लगाया। अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली बच्चों ने विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधे रोपे। बच्चों ने उत्साह के साथ पौधारोपण करने के साथ लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।
बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
इस दौरान बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और पौधों की नियमित देखभाल के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। बच्चों ने पौधारोपण कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर भागीदारी करते हुए प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझा। उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर लगाए गए पौधे आने वाले वर्षों में न केवल हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण का आधार बनेंगे, बल्कि बच्चों के राष्ट्रप्रेम और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना के प्रतीक भी होंगे। उन्होंने कहा कि देशभक्ति का भाव राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने के साथ प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा में भी दिखाई देना चाहिए।
पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से जुड़ा स्वतंत्रता दिवस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव को पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से जोड़ना रहा। वंदे मातरम् वाटिका के माध्यम से मधुबन बापूधाम क्षेत्र को अधिक हरा भरा और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में पहल की गई। आयोजन के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और बच्चों में उत्साह का माहौल रहा।
