हरिद्वार (शिखर समाचार)। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय परिसर में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ध्वजारोहण किया। इससे पूर्व देशभक्ति गीत वंदेमातरम का गायन हुआ। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान के कारण देश आजादी का अमृत अनुभव कर रहा है। उनके सपनों को साकार करने के लिए सभी को अपने दायित्वों का निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। कार्यालयों में अपनी समस्याएं लेकर आने वाले लोगों की शिकायतों और कार्यों का बिना किसी भेदभाव के प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान
समारोह में जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, उनके परिजनों और राज्य आंदोलनकारियों को पुष्पमाला एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया। कांवड़ मेले के दौरान गंगा के तेज बहाव में फंसे श्रद्धालुओं का सफलतापूर्वक बचाव करने के लिए बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप केंद्र के दल प्रमुख सूबेदार कुलविंदर सिंह को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। आनंदमयी सेवा सदन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए और उन्हें पुरस्कार दिए गए।
पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ लगाए 100 पौधे
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने कलेक्ट्रेट परिसर में लाल चंदन का पौधा रोपा। अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपदा प्रबंधन विभाग एवं एकुम्स कंपनी के सहयोग से चंदन और गुलमोहर के 100 पौधे लगाए। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने शिविर कार्यालय में भी ध्वजारोहण किया।
