हरिद्वार (शिखर समाचार)। जनपद में कांवड़ यात्रा-2026 के सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न होने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने हरकीपौड़ी पहुंचकर मां गंगा की पूजा अर्चना की। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने हरकीपौड़ी से पवित्र गंगाजल लेकर दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। इस अवसर पर उन्होंने कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी शिवभक्तों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों कर्मचारियों, पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों, स्वयंसेवी संस्थाओं, धार्मिक संगठनों, साधु संतों, व्यापारियों, पर्यावरण मित्रों, मीडिया और स्थानीय जनता का आभार व्यक्त किया।
कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न होने पर मां गंगा की पूजा-अर्चना
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में प्रशासन और पुलिस ने बेहतर समन्वय के साथ कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाएं संभालीं। इस वर्ष करीब 4 करोड़ 50 लाख से अधिक कांवड़िए पवित्र गंगाजल लेकर सकुशल अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। उन्होंने यातायात, कानून व्यवस्था, मार्ग परिवर्तन, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस की भूमिका की सराहना की। जल पुलिस ने भी गंगा घाटों और नदी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न चिकित्सा शिविरों और अन्य स्थानों पर दो लाख से अधिक शिवभक्तों का निःशुल्क उपचार किया। सफाई कर्मियों और पर्यावरण मित्रों ने भी दिन रात कार्य करते हुए कांवड़ मार्ग, घाटों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखी। उन्होंने स्वयंसेवी, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं तथा व्यापारियों और स्थानीय जनता के सहयोग को भी सराहा।
अधिकारियों को अंगवस्त्र भेंटकर किया सम्मानित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने पर गंगा सभा अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री नितिन गौतम सहित अन्य पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। दक्षेश्वर महादेव मंदिर में श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव महंत रविन्द्र पुरी ने भी दोनों अधिकारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
