हापुड़ (शिखर समाचार)। शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्ग दिल्ली रोड को आधुनिक, आकर्षक और व्यवस्थित स्वरूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने निजामपुर बाईपास स्थित जीरो प्वाइंट से प्रीत विहार क्रॉसिंग तक करीब दो किलोमीटर लंबे मार्ग को स्मार्ट गेटवे कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है। इसके लिए प्राधिकरण ने वास्तु एवं शहरी डिजाइन परामर्श फर्म के चयन के लिए निविदा जारी कर दी है। चयनित फर्म द्वारा इस पूरे मार्ग की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट और डिजाइन तैयार की जाएगी।
योजना के तहत दिल्ली रोड को हापुड़ के आकर्षक प्रवेश द्वार के रूप में विकसित किया जाएगा। मार्ग पर बेहतर सड़क व्यवस्था के साथ सुंदर प्रवेश द्वार, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, व्यवस्थित यातायात प्रबंधन, हरित पट्टी, पैदल पथ और पार्किंग की सुविधा विकसित की जाएगी। इसके अलावा निगरानी कैमरे, दिशा सूचक एवं सूचना पट्ट, रंगीन फव्वारे और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य भी कराए जाएंगे। इससे शहर में प्रवेश करने वाले लोगों को बेहतर यातायात व्यवस्था और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ हापुड़ की पहचान को भी नया स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा।
हरियाली और सौंदर्यीकरण पर रहेगा विशेष जोर
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार प्रस्तावित गलियारे के विकास में सड़क की उपयोगिता, यातायात दबाव और शहर की जरूरतों को ध्यान में रखा जाएगा। प्रवेश मार्ग को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ हरियाली और सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे दिल्ली रोड शहर के महत्वपूर्ण प्रवेश मार्ग के साथ आकर्षक पहचान स्थल के रूप में विकसित हो सकेगा।
परामर्श फर्म के चयन के लिए शुरू हुई निविदा प्रक्रिया
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण के सचिव अमित कादियान ने बताया कि शहर के प्रवेश द्वार को सुंदर, आकर्षक और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के उद्देश्य से यह योजना तैयार की गई है। नए विकास कार्य को शुरू करने के लिए निविदा प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। परामर्श फर्म के चयन के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट और डिजाइन तैयार कराया जाएगा, जिसके आधार पर आगे के विकास कार्य किए जाएंगे।
