मोदीनगर (शिखर समाचार)। गंगनहर घाट और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर रहीं उपजिलाधिकारी कोमल पंवार ने रेस्क्यू बोट से गश्त के दौरान एक कांवड़िये को गंगनहर में डूबते हुए देखा। उन्होंने तत्काल रेस्क्यू बोट को कांवड़िये की ओर ले जाने के निर्देश दिए। सूचना मिलते ही 41वीं पीएसी बटालियन की बाढ़ बचाव टीम सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर डूब रहे कांवड़िये को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए बचाव अभियान से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
रेस्क्यू बोट से गश्त के दौरान डूबता मिला कांवड़िया
जानकारी के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान गंगनहर में स्नान और जल लेने के लिए बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंच रहे हैं। इसी को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से गंगनहर घाट और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अधिकारियों और बचाव दलों की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके। कांवड़िये को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इस दौरान अधिशासी अधिकारी डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह, नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने गंगनहर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और बचाव दल को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट, श्रद्धालुओं से अपील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
मौके पर मौजूद लोगों ने पीएसी जवानों की तत्परता और साहस की सराहना की। लोगों का कहना था कि बचाव दल की सक्रियता और अधिकारियों की सजगता के कारण कांवड़िये की जान बचाई जा सकी। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से गंगनहर में निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।
