बिजनौर (शिखर समाचार)।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने गुरुवार को ब्लॉक जलीलपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चांदपुर से हस्तिनापुर तक बाढ़ से प्रभावित एवं क्षतिग्रस्त मार्ग का निरीक्षण किया तथा पांडव नगर चौकी, जलालपुर खादर, रायपुर खादर और खानपुर दमाल गांव पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया। ग्रामीणों ने उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया और बाढ़ से स्थायी राहत के लिए लगभग 11 किलोमीटर लंबे बांध के निर्माण की मांग रखी।
ग्रामीणों की बांध निर्माण की मांग पर डीएम ने दिया आश्वासन
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग को शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से रखा जाएगा और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराकर बांध निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में फिलहाल बाढ़ जैसी कोई गंभीर स्थिति नहीं मिली, फिर भी उन्होंने ग्रामीणों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की सलाह दी।
चांदपुर-हस्तिनापुर मार्ग पर 14 पुलियों और गाइड बांध का प्रस्ताव तैयार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड), मेरठ के सहायक अभियंता ने जिलाधिकारी को बताया कि चांदपुर-हस्तिनापुर मार्ग पर वर्षा और बाढ़ के पानी की समुचित निकासी के लिए 14 पुलियों तथा गाइड बांध के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए संशोधित लागत प्रस्ताव शासन को स्वीकृति के लिए भेजा जा चुका है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी चांदपुर, तहसीलदार चांदपुर, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
