गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
सावन माह में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए गाजियाबाद नगर निगम पूरी मुस्तैकी के साथ कार्य कर रहा है। नगर निगम के सभी विभाग 24 घंटे व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे हुए हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने देर रात कांवड़ मार्ग, कंट्रोल रूम तथा साइ उपवन स्थित कांवड़ शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं की जानकारी भी ली।
दुहाई से मेरठ रोड तक प्रकाश व्यवस्था का किया निरीक्षण
नगर आयुक्त ने रात्रिकालीन भ्रमण के दौरान दुहाई से लेकर मेरठ रोड तक कांवड़ मार्ग पर की गई प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग पर लगाई गई हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि कहीं भी प्रकाश व्यवस्था में कमी न रहने पाए। इसके बाद उन्होंने कंट्रोल रूम पहुंचकर कांवड़ मार्ग की निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर सहित पूरे कांवड़ मार्ग पर नजर रखी।
कांवड़ शिविर में श्रद्धालुओं से मिले, सुविधाओं का लिया जायजा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त साइ उपवन स्थित कांवड़ शिविर भी पहुंचे, जहां गाजियाबाद नगर निगम एवं साइ सेवा ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष शिविर संचालित किया जा रहा है। यहां उन्होंने विश्राम कर रहे कांवड़ यात्रियों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। हरियाणा और दिल्ली से आए श्रद्धालुओं ने नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि शिविर में ठहरने, भोजन और सुरक्षा की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई है।
आयुक्त ने शिविर में संचालित रसोई का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने स्नानघर, पेयजल, शौचालय, पंखों, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे शिविर पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान नगर निगम का पूरा अमला 24 घंटे सेवा में लगा हुआ है। दिन के साथ-साथ रात्रि में भी अधिकारी और कर्मचारी लगातार कांवड़ मार्ग तथा शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। उनका उद्देश्य है कि गाजियाबाद से गुजरने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिविर में मौजूद श्रद्धालुओं से संवाद कर उन्हें नगर निगम की सभी सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल कंट्रोल रूम या शिविर प्रबंधन को सूचना देने की अपील की।
कांवड़ यात्रियों ने शिविर में उपलब्ध भोजन, पेयजल, पंखों, प्रकाश व्यवस्था, स्नानघर और सुरक्षा इंतजामों पर संतोष व्यक्त करते हुए गाजियाबाद नगर निगम और उसकी पूरी टीम का आभार जताया। श्रद्धालुओं का कहना था कि नगर निगम की बेहतर व्यवस्थाओं के कारण उनकी यात्रा अधिक सुगम, सुरक्षित और आरामदायक बन रही है।
