ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)।
जनपद में खेल गतिविधियों को नई गति देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए लंबे समय से बंद पड़े ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम को आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित कर आमजन के लिए पुनः संचालित करने का फैसला लिया गया। साथ ही स्टेडियम में फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, स्क्वैश, टेबल टेनिस, क्रिकेट, स्केटिंग और शतरंज सहित विभिन्न खेलों के प्रशिक्षण शिविर संचालित किए जाएंगे।
कम शुल्क में खिलाड़ियों को मिलेगा प्रशिक्षण का अवसर
बैठक में तय किया गया कि 18 वर्ष तक के खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम की वार्षिक सदस्यता शुल्क मात्र 210 रुपये होगी, जबकि 18 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों के लिए प्रथम माह 310 रुपये तथा उसके बाद प्रतिमाह 200 रुपये शुल्क लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा खेल गतिविधियों का संचालन शुरू होने तक जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति इन प्रशिक्षण शिविरों का संचालन करेगी, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिल सके।
स्कूली बच्चों को भी मिलेगा नियमित खेल प्रशिक्षण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं का रोस्टर तैयार कर उन्हें नियमित रूप से स्टेडियम में प्रशिक्षण दिलाया जाए। साथ ही समय-समय पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के संवाद कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को प्रेरित किया जाए।
बैठक में स्टेडियम और मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में विभिन्न निर्माण एवं मरम्मत कार्यों, खेल मैदानों के विकास, जिम सुविधाओं के विस्तार तथा जल निकासी सहित अन्य प्रस्तावों को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
