गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
सावन के पहले सोमवार और कांवड़ महोत्सव को लेकर गाजियाबाद नगर निगम ने अपनी तैयारियां अंतिम रूप दे दी हैं। श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा तथा सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम के निर्माण विभाग ने दिन-रात कार्य करते हुए पूरे निर्धारित कांवड़ मार्ग पर व्यापक स्तर पर बैरिकेडिंग, सड़क मरम्मत और अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। नगर निगम का दावा है कि इस बार कांवड़ यात्रा को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था पूरी
गाजियाबाद नगर निगम के निर्माण विभाग ने लगभग 20 किलोमीटर लंबे निर्धारित कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग करा दी है। मुख्य मार्ग से जुड़ने वाली गलियों के बाहर भी बांस और बल्लियों से मजबूत बैरिकेडिंग की गई है, ताकि अनावश्यक आवाजाही रोकी जा सके और कांवड़ यात्रियों का मार्ग सुरक्षित बना रहे। सुरक्षा के मद्देनजर कांवड़ मार्ग पर आने वाले नालों के आसपास भी विशेष बैरिकेडिंग की गई है।
सावन के पहले सोमवार को श्रीदूधेश्वर नाथ मठ मंदिर में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर के बाहर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। वहीं श्रद्धालुओं को धूप से राहत देने के उद्देश्य से जस्सीपुरा मोड़ से लेकर श्रीदूधेश्वर नाथ मठ मंदिर तक बैरिकेडिंग के ऊपर ग्रीन नेट लगाया गया है, जिससे पैदल चलने वाले कांवड़ियों को छाया मिल सके।
साईं उपवन में भी किए गए विशेष इंतजाम
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
नगर निगम ने साईं उपवन में भी व्यापक स्तर पर मरम्मत और व्यवस्थाओं का कार्य कराया है। हर वर्ष लाखों की संख्या में कांवड़ यात्री यहां विश्राम करते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए परिसर को दुरुस्त करने के साथ-साथ झूला क्षेत्र के आसपास भी विशेष बैरिकेडिंग कराई गई है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि कांवड़ महोत्सव को लेकर नगर निगम के प्रकाश, जलकल, उद्यान, स्वास्थ्य और निर्माण विभाग लगातार संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम का लक्ष्य कांवड़ यात्रा को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है। मेरठ रोड स्थित कंट्रोल रूम से नगर निगम सीमा के भीतर पूरे कांवड़ मार्ग की निगरानी की जाएगी। इसके लिए इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के पहले से स्थापित 129 कैमरों के अलावा 205 अतिरिक्त कैमरे कांवड़ मार्ग पर लगाए गए हैं। सभी कैमरों को कंट्रोल रूम से जोड़ दिया गया है, जिससे हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा सके।
मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाले सभी कांवड़ मार्गों को पूरी तरह गड्ढामुक्त कर दिया गया है तथा जहां आवश्यकता थी वहां पेचवर्क भी कराया गया है। निर्माण विभाग की टीमें पूरी कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों पर तैनात रहेंगी। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग (PWD) और सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले मार्गों पर भी समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। कैमरा इंस्टॉलेशन, सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था जैसे सभी कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं। नगर आयुक्त के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
