ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ के न्यायमूर्ति एवं किशोर न्याय समिति के अध्यक्ष अजय भनोट ने शनिवार को नोएडा फेस-2 स्थित राजकीय बाल गृह (किशोर) का निरीक्षण कर निरुद्ध किशोरों के सर्वांगीण विकास के लिए नोएडा प्राधिकरण द्वारा विकसित थीम पार्क का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के लिए संचालित विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों का अवलोकन करते हुए उनके शारीरिक, मानसिक और कौशल विकास पर विशेष जोर दिया।
न्यायमूर्ति अजय भनोट ने थीम पार्क का किया उद्घाटन
थीम पार्क के उद्घाटन के बाद न्यायमूर्ति अजय भनोट ने पायलट परियोजना के अंतर्गत संचालित योग, ध्यान, खेलकूद, रंगमंच, चित्रकला और व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान बाल गृह में रह रहे किशोरों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिनकी उन्होंने सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
बाल गृहों में शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रमों की समीक्षा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
इसके बाद उन्होंने सेक्टर-62 स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) और राजकीय बाल गृह (किशोरी) का भी निरीक्षण किया। यहां आवासित बालिकाओं एवं किशोरियों के लिए संचालित शिक्षा, कौशल विकास और अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए इन गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के सुझाव दिए।
इस अवसर पर न्यायमूर्ति अजय भनोट तथा जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव ने थीम पार्क परिसर में पौधरोपण भी किया।
बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने पर दिया जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति अजय भनोट ने कहा कि बाल गृहों में रहने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा, आवश्यक सुविधाएं और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए समुचित प्रयास किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव, न्यायिक शेल्टर होम समिति की अध्यक्ष सीमा सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार चतुर्थ, प्रधान मजिस्ट्रेट हृषीकेश पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर तथा नोएडा प्राधिकरण और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
