शामली (शिखर समाचार)।
कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित, शांतिपूर्ण, दिव्य एवं भव्य बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक यादव और पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनपद की सीमा लालूखेड़ी से विजय चौक तक कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन के लिए किए जा रहे इंतजामों का विस्तृत जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कांवड़ मार्ग पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सेवाएं, शौचालय, बैरिकेडिंग तथा यातायात प्रबंधन की सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं।
साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ और सतर्क रहेगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को लगातार गश्त, संवेदनशील स्थलों पर निगरानी, यातायात संचालन तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार रहेगा।
कमियों को दूर करने के दिए निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने लालूखेड़ी, बुटराड़ा, बनत, तहसील चौराहा, एसटी तिराहा, गुरुद्वारा फाटक, शिव चौक से विजय चौक तक पूरे कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। जहां भी व्यवस्थाओं में कमी पाई गई, वहां संबंधित विभागों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रा प्रारंभ होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएंगी तथा यात्रा के दौरान प्रत्येक व्यवस्था की निरंतर निगरानी की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
